गाज़ियाबाद। मानवीय संवेदना और सामाजिक सहयोग की मिसाल पेश करते हुए कुमाऊँ समाज सेवा समिति वैशाली, गाज़ियाबाद के सदस्यों एवं सहयोगकर्ताओं ने लगभग 3 वर्षीय बच्ची दीक्षा के इलाज के लिए महत्वपूर्ण आर्थिक सहायता जुटाई है।
दीक्षा पिछले लगभग चार महीनों से एम्स अस्पताल में ब्लड कैंसर का उपचार करा रही है। बीमारी के कारण उसे लगातार रक्त चढ़ाने की आवश्यकता पड़ रही है। चिकित्सकों के अनुसार उसके उपचार में अभी लगभग 7–8 महीने और लग सकते हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण लंबे उपचार का खर्च परिवार के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है।
दीक्षा के उपचार में आर्थिक सहयोग के लिए चलाए गए अभियान में उत्तराखंड कुमाऊं समाज सेवा समिति वैशाली एवं कुमाऊं सभा गाजियाबाद के सदस्यों ने आगे बढ़कर सहयोग किया और अन्य लोगों को भी इस मानवीय पहल से जोड़ने का प्रयास किया।
अभियान के अंतर्गत ₹1,10,000 का चेक तैयार किया गया है, जबकि लगभग ₹15,000 की राशि परिजनों के बैंक खाते में सीधे भेजी जा चुकी है। इस प्रकार सामूहिक प्रयासों से लगभग ₹1,25,000 की सहायता राशि जुटाई गई है।
इस सहयोग अभियान में उत्तराखंड कुमाऊं समाज सेवा समिति वैशाली एवं कुमाऊं सभा गाजियाबाद की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विशेष रूप से सक्रिय सहयोग के लिए देव पटवाल जी, हमारी संस्था की ऐना सिंह जी तथा कुमाऊँ सभा से प्रमोद तिवारी जी का विशेष आभार व्यक्त किया गया। उन्होंने स्वयं सहयोग करने के साथ-साथ अन्य सदस्यों एवं शुभचिंतकों को भी इस नेक कार्य से जोड़कर सहायता राशि जुटाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उत्तराखंड कुमाऊं समाज सेवा समिति वैशाली एवं कुमाऊं सभा गाजियाबाद ने एक बार फिर यह संदेश दिया है कि सामाजिक संस्थाओं और समाज के लोगों के सामूहिक प्रयास किसी जरूरतमंद परिवार के कठिन समय में महत्वपूर्ण सहारा बन सकते हैं।
दीक्षा के परिवार ने इस सहयोग के लिए सभी सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया है। इस अभियान से जुड़े सभी सदस्यों, सहयोगकर्ताओं एवं शुभचिंतकों का हृदय से धन्यवाद।
ईश्वर से प्रार्थना है कि नन्ही दीक्षा शीघ्र स्वस्थ होकर अपने परिवार के बीच लौटे।
🙏कुमाऊं समाज सेवा समिति के अध्यक्ष हरीश साह जी ने सभी का धन्यवाद किया और उमीद जताई है कि संस्था के सभी मेंबर जनकल्याण के कार्यों में ऐसी तरह जरूरतमंद परिवारों की मदद के लिए आगे आयेगे । ओर सभी उत्तराखंड कुमाऊं समाज सेवा समिति एवं कुमाऊं सभा गाजियाबाद के सभी सहयोगी मेंबरों का धन्यवाद किया🌸




