उत्तराखंड धरोहर संरक्षण समिति (पंजीकृत) वैशाली द्वारा सेक्टर-3 स्थित रामलीला पार्क में उत्तराखंडी कौथिग 2026 का आयोजन किया गया। ‘

उत्तराखंड कौथिग में लोकसंस्कृति के रंग, उत्तराखंड के सुप्रसिद्ध लोक गायक फौजी ललित मोहन जोशी और वरिष्ठ लोक गायिका कल्पना चौहान कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण रहे। उनके लोकप्रिय पहाड़ी गीतों पर दर्शक देर रात तक झूमते रहे। युवा गायिका शशि पाठक, युवा गायक कमल जोशी और लोक गायक पूरन चंद्र पांडे ने भी अपनी प्रस्तुतियों से खूब तालियां बटोरीं।
प्रसिद्ध संगीतकार राजेंद्र चौहान के संगीत निर्देशन में कार्यक्रम हुए। दीप चंद्रा और मीनाक्षी चंद्रा ने नृत्य निर्देशन संभाला। समिति के सदस्यों और नन्हे कलाकारों ने छोलिया, झोड़ा और छपेली जैसे पारंपरिक लोकनृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।
महोत्सव में पारंपरिक पहाड़ी व्यंजनों के स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे। इनमें मंडुवे की रोटी, गहत की दाल, भटट की चुड़कानी और झिंगोरे की खीर शामिल थे। उत्तराखंड के जैविक उत्पादों, पहाड़ी मसालों और हस्तशिल्प की प्रदर्शनी भी लगाई गई। पिछौड़ा और नथ जैसे पारंपरिक आभूषण भी प्रदर्शित किए गए।




