TT Ads

वैशाली (गाजियाबाद) स्थित उत्तराखंड कुमाऊं समाज सेवा समिति ने एक बार फिर सामाजिक दायित्व की मिसाल पेश की है। समिति ने ब्रेन इन्फेक्शन से जूझ रहे 9 वर्षीय बालक चिराग के इलाज के लिए ₹51,000 की आर्थिक सहायता राशि प्रदान कर परिवार को संबल दिया है।

आईसीयू में जीवन की जंग लड़ रहा है चिराग

मूल रूप से अल्मोड़ा (खजुरानी, चौखुटिया) के निवासी चिराग का इलाज फिलहाल दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल के आईसीयू में चल रहा है। लंबी बीमारी और भारी मेडिकल खर्च के कारण परिवार की आर्थिक स्थिति डगमगा गई थी और उनकी सारी जमा-पूंजी समाप्त हो चुकी थी।

संस्था के अध्यक्ष हरीश साह ने बताया कि समिति के सह-अध्यक्ष लक्ष्मण बिष्ट के माध्यम से चिराग की स्थिति की जानकारी मिली थी। जैसे ही यह सूचना समिति के समूह में साझा की गई, सदस्यों ने अपनी सेवा भावना का परिचय दिया। मात्र एक दिन के भीतर छोटी-छोटी राशियों के सहयोग से ₹51,000 का कोष एकत्रित हो गया, जिसे चेक के माध्यम से परिवार को सौंप दिया गया। संस्था का इतिहास गवाह है कि जब भी समाज के किसी व्यक्ति पर संकट आया है, समिति के सदस्यों ने एकजुट होकर मिसाल पेश की है। अध्यक्ष हरीश साह जी एवं समस्त सदस्यों के इस सेवा भाव को नमन।

TT Ads